ग्वालियर । जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर डबरा एसडीम रूपेश रतन सिंघई के नेतृत्व में गई राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार को तहसील डबरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।
एसडीएम रुपेश रतन सिंघई ने बताया कि 16 मई को सिंध नदी के किनारे विभिन्न घाटों पर आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान लिधौरा घाट पर अवैध रूप से रेत खनन में लगी 5 पनडुब्बियों को नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि ग्राम लिधौरा, बाबूपुर एवं भिटोरा में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 7400 घनमीटर रेत को जप्त करने की कार्रवाई भी की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी डबरा, तहसीलदार पिछोर, तहसीलदार बिलौआ, खनिज विभाग के अधिकारी एवं सर्वेयर, थाना पिछोर पुलिस तथा एसडीआरएफ बल शामिल रहा। इस कार्रवाई में क्षेत्रीय कोटवारों ने भी अहम भूमिका निभाई। प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।