बारिश में जलभराव रोकने निगम ने कसी कमर, तेज हुआ नाला निर्माण कार्य

ग्वालियर। मानसून से पहले शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में बारिश के दौरान जलभराव वाले 334 स्थानों को चिन्हित कर वहां नाला निर्माण, नाला सफाई और नालियों के मिलान का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। निगम द्वारा अब तक 74 नए नालों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि 111 स्थानों पर कार्य तेजी से जारी है।
निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर निगम अमले ने पूरे शहर में सर्वे कर ऐसे 334 क्षेत्रों की पहचान की थी, जहां हर साल बारिश में पानी भरने से कॉलोनियों और बस्तियों में परेशानी खड़ी हो जाती थी। इनमें से 159 स्थानों पर नाला सफाई और नालियों के उचित मिलान से जलभराव की समस्या का निराकरण कर दिया गया है। निगम सीमा में कुल 175 ऐसे स्थान हैं, जहां स्थायी जलनिकासी के लिए नाला निर्माण जरूरी माना गया है। इनमें से 74 स्थानों पर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि बाकी स्थानों पर तैयारियां और निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि ग्वालियर में सामान्यतः 20 जून के आसपास मानसून की दस्तक हो जाती है। ऐसे में नगर निगम ने आगामी बारिश को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां जलभराव की आशंका है, वहां नाला निर्माण, सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। नगर निगम के अनुसार शहर में कई स्थानों पर छोटी तकनीकी समस्याओं के कारण पानी भरता था, जिन्हें अब दूर किया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस बार मानसून में नागरिकों को पहले की तुलना में काफी राहत मिलेगी।

posted by Admin
8

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->