सहकारी बैंकों को अधिक सक्रिय, जवाबदेह व किसान हितैषी बनाएं: प्रशासक यादव
ग्वालियर। सहकारी बैंकों व संस्थाओं को अधिक सक्रिय, जवाबदेह एवं किसान हितैषी बनाएं। साथ ही सभी अधिकारी विभागीय समन्वय बनाकर निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने ग्वालियर व चंबल संभाग के सभी जिलों के सहकारी बैंकों के अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप किसानों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुँचाना सुनिश्चित करें।
रविवार को जिला पंचायत के सभागार में आयोजित हुई बैठक में अपेक्स बैंक के प्रशासक यादव ने सहकारी संस्थाओं को किसानोपयोगी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सदस्यता महा अभियान को और प्रभावी बनाने बनाएं। उन्होंने कहा किसानों से समन्वय बनाकर वसूली में तेजी लाकर बैंकों की स्थिति मजबूत करें, जिससे अधिक से अधिक किसानों को कृषि संबंधी प्रयोजन के लिये ऋण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में सदस्यता महा अभियान की दैनिक प्रगति, वर्ष 2025-26 में वितरित अल्पावधि फसल ऋण की वसूली तथा खरीफ 2026 के लिए अल्पावधि फसल ऋण वितरण के लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही जिला सहकारी बैंक की शाखाओं एवं प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं (पैक्स) के माध्यम से टर्म ऋण स्वीकृति और वितरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में संचालित बहुउद्देशीय व्यावसायिक गतिविधियों की प्रगति, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों का आंकलन तथा समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपैक्स बैंक भोपाल से आए वरिष्ठ अधिकारी राजकुमार गंगेले एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक ग्वालियर के सीईओ हिमांशु खाड़े सहित ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के सहकारी बैंकों के अधिकारी मौजूद थे।