भाजपा एक भी महिला को निगम मंडल अध्यक्ष नहीं बना पाईः सुरेन्द्र यादव
- महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल छलावा और गुमराह किया जा रहा
ग्वालियर। कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा एवं नगर निगम ग्वालियर में लाया गया निंदा प्रस्ताव केवल राजनीतिक दिखावा है, जबकि हकीकत यह है कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, भागीदारी और अधिकारों के खिलाफ लगातार काम कर रही है। भाजपा महिला सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन ग्वालियर चंबल संभाग में हाल ही में निगम मंडलों की नियुक्तियों में एक भी महिला को अध्यक्ष या उपाध्यक्ष नहीं बनाया गया। यह भाजपा का असली महिला विरोधी चेहरा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भाजपा से सवाल किया कि यदि 2023 में महिला आरक्षण कानून पारित हो चुका है तो उसे लागू क्यों नहीं किया जा रहा। महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की बात करने वाली भाजपा निगम मंडलों में महिलाओं की नियुक्ति क्यों नहीं कर रही है, क्या यही भाजपा का महिला सम्मान है क्या यही भाजपा का नारी शक्ति वंदन है, यह महिलाओं का अपमान है। आज भाजपा महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों की सबसे बड़ी विरोधी पार्टी है। कांग्रेस महिलाओं के सम्मान अधिकार और भागीदारी की लड़ाई पहले भी लड़ती रही है और आगे भी पूरी ताकत से लड़ती रहेगी। भाजपा को जवाब देना होगा कि महिलाओं को केवल वोट बैंक समझना कब बंद करेगी। ग्वालियर की महिलाएं भाजपा के छलावे को समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी।