ग्वालियर। जिले में रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 4 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
खाद्य विभाग की टीम ने अलकापुरी तिराहे के पास स्थित एसबी स्ट्रीट फूड परिसर की जांच के दौरान 4 घरेलू गैस सिलेंडर अनाधिकृत रूप से भंडारित पाए। जांच में यह भी सामने आया कि परिसर में खाद्य सामग्री तैयार कर व्यावसायिक रूप से विक्रय किया जा रहा था। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अनाधिकृत भंडारण को देखते हुए सभी 4 सिलेंडर जब्त कर अनंत गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिए गए हैं।
इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहे।