ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ स्टडीज इन एनवायरमेंटल केमिस्ट्री द्वारा शनिवार को भव्य एल्युमिनाई मीट-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुलगुरू डॉ. राजकुमार आचार्य ने कहा कि विश्वविद्यालय की असली पहचान उसके पूर्व छात्रों की उपलब्धियों से बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूर्व छात्रों के अनुभवों से सीख लेकर अपने लक्ष्य तय करने की अपील की।
कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा ने कहा कि एल्युमिनाई विश्वविद्यालय और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उनके मार्गदर्शन से छात्रों को करियर निर्माण में नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. निमिषा जादौन ने कहा कि एल्युमिनाई मीट का उद्देश्य पुराने विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अनुभव साझा करना है, जिससे विभाग और अधिक सशक्त बन सके।
इस दौरान प्रो.दीक्षा कटियार,अमित सिसौदिया तथा प्रतीक अग्निहोत्री सहित कई एल्युमिनाई ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को सफलता के टिप्स दिए। कार्यक्रम में 90 से अधिक एल्युमिनाई शामिल हुए, जिनमें से 60 एल्युमिनाई बाहरी शहरों से पहुंचे। कई पूर्व छात्रों ने ऑनलाइन माध्यम से भी अपने संदेश भेजे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। एल्युमिनाई एवं छात्र-छात्राओं ने डांस, नाटक एवं अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।अंत में प्रतिभागियों का सम्मान एवं स्मृति-चिह्न वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर प्रो.एसएन महापात्रा, डॉ.निमिषा जादौन, डॉ.प्रदीप,अमित दुबे ,श्याम गुर्जर, कमलेश साहू,निलाम्बुज पाठक, अर्चना राजपूत,पूनम शर्मा, प्रियंका करोलिया , रिषि कनेरिया, दिवाकर कुमार, कृष्ण कांत त्यागी, रजनीश कुमार सहित छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।