गोदरेज की खिताबी जीत, निगमायुक्त संघप्रिय व प्रतीक राव ने टीमों को पुरूस्कृत किया
ग्वालियर। मालनपुर में चल रहे अंतर उद्योग क्रिकेट टूर्नामेंट पर गोदरेज कन्ज्यूमर प्रोडक्टस ने खिताबी जीत हासिल की हैं। उन्होंने विक्रांत यूनिवर्सिटी के मैदान पर खेले गये बेहद रोमांचकारी फाइनल मुकाबले में पीएल अडानी को 5 रनों के अंतर से पराजित कर दिया। गोदरेज की टीम ने पहले खेलते हुये 20 ओवर में 157 रन बनाये, जबकि अडानी की टीम 20 ओवर में मात्र 152 रन ही बना सकी। इस मौके पर ग्वालियर के नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने विजेता और उपविजेता टीम को कप व शील्ड प्रदान की।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने इस मौके पर कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के आधार हैं, इनसे हमे प्रेरणा मिलती है कि जीत गर्व और हार से कभी हताश नहीं होना चाहिये। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में खेलों का अहम रोल है। उन्हें खुशी है कि मालनपुर व बानमोर के उद्योग लगातार 30-32 वर्षों से अपने कर्मचारियों के लिये क्रिकेट जैसे खेलों का आयोजन करते हैं। निगम आयुक्त संघप्रिय ने इस मौके पर आये उद्योग प्रमुखों एचआर फोरम के पदाधिकारियों से स्वच्छ ग्वालियर के लिये परस्पर सहयोग का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर सबके प्रयासों से आगे बढ़ेगा। वहीं विशेष अतिथि निगम के अपर आयुक्त प्रतीक राव ने भी इण्डस्ट्री जगत के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह भी खेलों के लिये सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभायें निखारने का काम भी आयोजक करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सामाजिक व जनहित कार्यों में इण्डस्ट्रीज के लोग भी आगे आकर सहयोग करें।
इस मौके पर चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल ने भी ग्वालियर चंबल अंचल में इण्डस्ट्रीज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआर फोरम व इण्डस्ट्रीज प्रमुख ग्वालियर के विकास में सदभागी बनें। वहीं विनय अग्रवाल ने इण्डस्ट्रीज क्षेत्र में क्रिकेट के साथ साथ अन्य खेलों की बात रखी। पूर्व में एचआर फोरम के प्रमुख व क्वालिटी सर्किल फोरम के इंडिया प्रेसीडेंट अविनाश मिश्रा ने आयोजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उन्होंने 90 के दशक के बाद इण्डस्ट्रीज क्षेत्रों में बढ़ते पलायन को रोकने के लिये सभी उद्योगों के साथ ऐसे आयोजनों की शुरूआत की और आपसी सहयोग भी बढ़ाया। जिसके कारण मालनपुर व बानमोर इस अंचल की शान बने हैं।
एचआर फोरम के सचिव मुकुल चतुर्वेदी ने आयोजन की सिलसिलेवार जानकारी दी। वहीं फोरम के एडवोकेट भगवान सिंह वैश ने टीमों की भागीदारी व पूर्व आयोजनों की जानकारी दी। आभार प्रदर्शन विक्रांत यूनिवर्सिटी के प्रो. चांसलर विक्रांत सिंह राठौर ने किया। निगम आयुक्त संघप्रिय व अपर आयुक्त प्रतीक राव को स्मृति चिन्ह एचआर फोरम के पदाधिकारी अविनाश मिश्रा, मुकुल चतुर्वेदी, भगवान सिंह वैश ने प्रदान किये। इस मौके पर सूर्या यूनिट के पूर्व एचआर वाइस प्रेसीडेंट बीके बेहरा, गोदरेज के अभिषेक प्रियदर्शी, आनंद शर्मा, क्राम्टन ग्रीव्स के जगवीर सिंह राठौर, सुप्रीम इण्डस्ट्रीज के योगेश चौहान, अडानी ग्रुप के मनोज त्रिपाठी, एसआरएफ के राकेश तिवारी, माय एचआर पायलेट के समीर सेठ, जेबी मंघाराम के राजेश हिंडोलिया, सूर्या के संजय सिंह कुशवाह, चित्रा वैश, सुरेश शर्मा, संजय त्रिपाठी, अजय मिश्रा, परमाल सिंह तोमर, करण सिंह तोमर आदि उपस्थित थे। संचालन योगेश चौहान ने किया।