ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी का जन्मदिन 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाएंगी। सेवा पखवाड़ा की तैयारी के लिए आज सोमवार को भाजपा कार्यालय मुखर्जी भवन में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों के जरिए हर वर्ग तक पहुंचने का लक्ष्य है।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने जिला कार्यशाला में संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में जनसेवा का संकल्प लिया है। यह पखवाड़ा उस नेतृत्व को समर्पित है, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और नेतृत्व ने भारत को एक नई दिशा दी है। नरेंद्र मोदी की भूमिका एक विश्व नेता के रूप में उभरी है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। भारतीय जनता पार्टी देश और प्रदेश में सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने आगे कहा कि सभी को अपने-अपने मंडलों और बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर यह संदेश पहुचाना है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर घर-घर जाना है, और मोदी सरकार की साफ नीयत और नीति को बताना है। राजौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी देश 2047 में विकसित भारत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, रात दिन परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने देश के स्वाभिमान को जगाने के लिए हर संभव प्रयास किया है।देश में जनहित की अनेकों योजनाएं चल रही हैं, जिनका जनता को लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 10 सितंबर को महानगर के सभी 17 मंडलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 17 से 24 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर, 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर व प्रदर्शनी, 19 -20 सिंतबर को प्रबुद्वजन सम्मेलन और 21 से 25 सिंतबर तक खेल प्रतियोगिताएं एवं प्रदेश के महानगरों में नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 और 28 सिंतबर को दिव्यांग और विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा। दो अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कर खादी की सामग्री क्रय कर जन-जन को जागरूक करके स्वदेशी को बढ़ावा देना है।
जिला महामंत्री एवं सेवा पखवाड़ा के संयोजक श्री विनय जैन ने सेवा पखवाड़ा को लेकर सविस्तार जानकारी रखी गई। इससे पूर्व सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भाजपा के पितृ पुरुष पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यशाला का संचालन भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं सेवा पखवाड़ा की सदस्य श्रीमती रेशू राजावत ने किया एवं सहसंयोजक धारासिंह सेंगर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंचासीन भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्षद्वय अभय चौधरी, कमल माखीजानी, जिला महामंत्री विनय जैन, विनोद शर्मा, राजू पलैया, सेवा पखवाड़ा सदस्य बिरजू शिवहरे के अलावा कार्यशाला में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, सेवा पखवाड़ा मंडल की टीम, मंडल अध्यक्ष मौजूद थे।