अब गुम बच्चों की तलाश का अभियानः अमित सांघी
- डीआईजी ग्वालियर रेंज बोले पुलिस अपराध रोकने को सदा एलर्ट
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। नशे से दूरी अभियान की सफलता के बाद अब ग्वालियर रेंज पुलिस गुम हुये नाबालिग बच्चों की तलाश व बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलायेगी। इसके साथ ही पुलिस विभाग में लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष निर्देश दिये गये है और जल्दी ही इसके लिये भी अभियान चलाया जायेगा। ग्वालियर रेंज में पुलिस की लगातार सक्रियता से अपराध ग्राफ में भी कमी आई हैं। रेंज के सभी थानों में पीड़ित की त्वरित शिकायत दर्ज करने व आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के भी निर्देश दिये गये हैं। यह जानकारी ग्वालियर रेंज के डीआईजी अमित सांघी ने गुरूवार को विशेष मुलाकात में दी।
डीआईजी अमित सांघी ने बताया कि ग्वालियर रेंज में अब पुलिस ने नाबालिग गुमशुदा बच्चों की खोज के लिये विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसमें पुलिस को व्यापक सफलता भी मिली हैं। इसके लिये हमने पुलिस की विशेष टीमें भी बनाई हैं। सांघी ने कहा कि यह अभियान ग्वालियर पुलिस रेंज के जिले ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर में चलाया गया हैं। इसमे सभी थानों को ऐसे मामलों में अति सक्रियता बरतकर कार्य शुरू करने को कहा गया है। सांघी ने कहा कि ग्वालियर रेंज में सभी जिलों की थाना पुलिस बेहतर पुलिसिंग कर रही है और इसी कारण अपराधों में भी कमी आई हैं। सांघी ने बताया कि अब उन्होंने ग्वालियर रेंज के सभी थानों में पेंडिंग शिकायतों के निपटान के भी निर्देश दिये है। उन्होंने कहा है कि इन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाये, ताकि शिकायतकर्ता को न्याय मिल सकें। सांघी के अनुसार अभी पुलिस पहले अपराध पर ध्यान देती है, जिससे अपराध में पूरी तुरंत कार्रवाई हो जाती है। अपराध होने के कारण पुलिस थानों में आने वाली शिकायतों पर ध्यान नहीं दे पाती, जिसके शिकायतें बढ़ जाती है। इसी कारण शिकायतों के त्वरित निपटारे की जरूरत है। रेंज में पुलिस बल की कमी के सवाल पर डीआईजी सांघी ने कहा कि इसके लिये उन्होंने आईजी व पुलिस मुख्यालय को लिखा है, जल्दी ही इस पर मुख्यालय निर्णय लेगा।
अग्निवीर भर्ती पर विशेष ध्यान
डीआईजी अमित सांघी ने बताया कि रेंज के शिवपुरी जिले में संभवतः 3 अगस्त को सेना के लिये अग्निवीर का भर्ती मेला है जिसमें 14-15 हजार युवाओं के आने की संभावना हैं। इसीलिये शिवपुरी में विशेष पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है, ताकि व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में उन्होंने कमिश्नर ग्वालियर संभाग के साथ शिवपुरी के प्रशासनिक अधिकारियों की भी बैठक की है।
त्यौहारों के मौसम में विशेष फोकस
डीआईजी अमित सांघी ने कहा कि आने वाला समय अब त्यौहारों का मौसम है इसीलिये हमने रक्षाबंधन, 15 अगस्त, गणेश चतुर्थी व दुर्गा महोत्सव के लिये पुलिस को अभी से मानीटरिंग के निर्देश दिये हैं। रेंज के चारों जिलों में वह स्वयं अनुभाग स्तर पर पहुंचकर व्यवस्था देख रहे हैं।