स्वर्ण रेखा में कचरा डालने पर वसूला जुर्माना
ग्वालियर। शहर स्वच्छ व साफ रहे इसलिए गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलीथिन, गोबर नालियों में बहाने वालों एवं भवन सामग्री सडक पर डालने वालों पर निगम द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को स्वर्ण रेखा नाला एवं मीट मांस की दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वार्ड 41 एवं 31 में स्वर्ण रेखा में कचरा डालने पर 500 रूपये एवं खुले में मांस विक्रय करने पर 500 रूपये का जुर्माना वसूला गया। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जोगेंद्र यादव, दक्षिण फ्लाइंग स्क्वायड प्रभारी धर्मेंद्र धीरज धौलपुरिया, जोनल हेल्थ ऑफिसर विकेश बांगडे, वार्ड हेल्थ ऑफीसर लक्ष्मण खरे, हरिओम बनाफल, राजकमल आदि उपस्थित थे।
राजस्व वसूली में लापरवाही पर 8 कर संग्रहकों को नोटिस जारी
ग्वालियर। नगर निगम सीमांतर्गत दुकान, पीढी, चबूतरे के दुकानदारों आदि की वित्तीय वर्ष की बकाया राशि लक्ष्य के अनुसार नहीं करने पर 8 राजस्व कर संग्रहकों को नोटिस जारी किया गया है।
नोडल अधिकारी राजस्व अनूप लिटोरिया ने बताया कि निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार दुकान, पीढ़ी, चबूतरे के दुकानदारों आदि से राजस्व कर संग्रहकों को तिमाही लक्ष्य की 50 प्रतिशत से कम वसूली करने पर कारण बताओं सूचना पत्र जारी किए गए। जिसमें राजस्व कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 20 चिम्मन कटारे, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 17 आशीष सोन, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 16 मनीष कुशवाह, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 02 देवेन्द्र जाटव, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 4 आकाश कुशवाह, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 13 भूपेन्द्र गुर्जर, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 3 प्रदीप दौहरे, कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 11 महेश कुशवाह शामिल हैं।