योग शिक्षिका श्रीमती त्रिपाठी का बहनों ने किया सम्मान
ग्वालियर। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर गुरूवार को महिला पतांजलि योग समिति की बहनों ने लेडीज पार्क छत्री बाजार में योग शिक्षिका श्रीमती अमिता त्रिपाठी का शाल, श्रीफल, माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरित कर सम्मान किया। इस अवसर पर योग शिक्षिका श्रीमती अमिता त्रिपाठी ने कहा कि गुरू पूर्णिमा पर्व गुरूओं के लिये भी महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि इस दिन गुरू को अपने शिष्यों का सबसे अधिक प्यार मिलता है। वहीं गुरू भी अपने शिष्य का अभिवादन स्वीकार कर शिष्य को बहुत आर्शीवाद देता है। इसलिये गुरू पूर्णिमा पर गुरू और शिष्य के प्रेम पर टिका है और इसीलिये ही गुरू पूर्णिमा का महत्व बढ़ जाता है। इस त्यौहार के लिये सालभर गुरू और शिष्य इंतजार करते है। उल्लेखनीय है कि महिला पतांजलि योग समिति की योग शिक्षिका श्रीमती अमिता त्रिपाठी पिछले ग्यारह वर्षों से बहनों को निशुल्क योग लेडीज पार्क छत्री बाजार में करा रही है और योग के माध्यम से कई बहनों को गंभीर बीमारी से मुक्ति मिली है। उधर योग शिक्षिका श्रीमती अमिता त्रिपाठी और श्रीमती दलजीत मान ने अपनी योग गुरू श्रीमती सुमन अग्रवाल के घर पहुंचकर उनका सम्मान कर आर्शीवाद लिया।