5 जुलाई को निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा
- मुख्यमंत्री यादव, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष तोमर, मां कनकेश्वरी देवी होंगे शामिल
ग्वालियर। जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय कृष्णाभावनामृत (इस्कान) 5 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ यात्रा महामहोत्सव-2025 के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा निकालेगा। यह रथ यात्रा सायं 4 बजे जीवाजी क्लब से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गोयल वाटिका पहुंचेगी। इस रथ यात्रा में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी, इस्कान मध्यप्रदेश के जोनल सेक्रेटरी गुरूदेव महामन प्रभु सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक सहित इस्कान के पदाधिकारी शामिल होंगे। यह जानकारी यात्रा आयोजन समिति के संयोजक देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर रामू भैया ने शुक्रवार को पत्रकारों को दी।
यात्रा आयोजन समिति के संयोजक देवेंद्र प्रताप और इस्कान के ग्वालियर प्रमुख महेन्द्र प्रभु ने पत्रकारों को बताया कि 5 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 40 फीट ऊंचे रथ पर सवार होकर निकलेगी। इस रथयात्रा में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर पैदल चलेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर 3 बजे सुमधुर कीर्तन व विग्रह पूजा के बाद दोपहर 4 बजे विशेष पूजन उपरांत भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा जीवाजी क्लब, अचलेश्वर मंदिर रोड से प्रारंभ होगी और यह यात्रा इंदरगंज, दाल बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर चैराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, गश्त का ताजिया, नई सड़क, हनुमान चैराहा होते हुए गोयल वाटिका पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह धर्मप्रेमी जनता द्वारा रथयात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जायेगा और इस रथयात्रा में ग्वालियर शहर सहित अंचल के लोग भी शामिल होंगे। पत्रकारवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र तोमर बिटटू भी उपस्थित थे।