जिला जेल में गूंजा नशामुक्ति का संदेश - जेल उप अधीक्षक ओ.पी. पांडे,
जिला जेल में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प, बंदियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
नशामुक्ति प्रशिक्षण के साथ बंदियों ने लिया संकल्प, शपथ पत्र एवं पंपलेट किए वितरित - संजय भार्गव
दतिया, । भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान 2026” एवं “नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ उत्सव” के उपलक्ष्य में जिला जेल दतिया में नशा मुक्त भारत अभियान पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को नशे के दुष्परिणामों, नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक हानियों तथा नशे से बचाव और उपचार के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जेल उप अधीक्षक ओ.पी. पांडे, जिला जेल चिकित्सक डॉ. प्रदीप राजोरिया, मेल नर्स देवेंद्र पटसरिया, जेल शिक्षक उमाकांत लोहिया, मदन सिंह चैहान सहित समर्पण नशा मुक्ति केंद्र के संचालक संजय भार्गव एवं नशा मुक्ति मित्र कपिल शर्मा, दीपक यादव, शिव सिंह, रोहित पटेल एवं भानु ठाकुर उपस्थित रहे। नशे के दुष्परिणाम एवं उपचार की दी जानकारी। कार्यशाला में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशे की आदत से बाहर निकलने के लिए परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास की भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं समर्पण नशा मुक्ति केंद्र के तत्वाधान में आयोजित किया गया। बंदियों को नशे से दूर रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों एवं नशामुक्ति केंद्रों से सहायता एवं परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। नशामुक्ति संकल्प, शपथ पत्र एवं पंपलेट किए वितरित। जागरूकता अभियान के अंतर्गत बंदियों के बीच नशामुक्ति संकल्प एवं शपथ पत्र वितरित किए गए, जिसके माध्यम से उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए संकल्पित किया गया। साथ ही नशे के दुष्परिणामों, बचाव एवं उपचार से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि नशामुक्ति का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से बंदियों तक पहुंच सके। सभी बंदियों ने ली नशामुक्ति की शपथ। कार्यशाला के उपरांत जिला जेल में निरुद्ध सभी बंदियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। बंदियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्ति केवल एक व्यक्ति के जीवन में बदलाव नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने का संकल्प है। नशामुक्ति के लिए हेल्पलाइन। नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति अथवा उनके परिजन सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन के लिए नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 तथा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क कर सकते हैं। नशे को कहें नाकृसहायता लेने में संकोच न करें। एक फोन, नशामुक्त जीवन की ओर एक कदम। जिला दतिया में सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ उत्सव के अंतर्गत विभिन्न शासकीय संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।