जिला अंतरमहाविद्यालयीन बैडमिंटन चैंपियनशिप में फाइनल में पहुँचे जीवाजी और माधव महाविद्यालय
ग्वालियर। प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान के परिसर में आयोजित जिला अंतरमहाविद्यालयीन बैडमिंटन चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में माधव महाविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय की टीमों ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में माधव महाविद्यालय ने केआरजी महाविद्यालय को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में वीआरजी महाविद्यालय ने एमएलबी महाविद्यालय को 2-0 से हराया। तीसरे मुकाबले में प्रेस्टीज महाविद्यालय और माधव महाविद्यालय के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें माधव महाविद्यालय ने 2-1 से जीत हासिल की। चौथे मुकाबले में जीवाजी विश्वविद्यालय ने वीआरजी महाविद्यालय को 2-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
इस प्रकार प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कल जीवाजी विश्वविद्यालय एवं माधव महाविद्यालय के बीच खेला जाएगा।
आयोजन सचिव डॉ. वी.एस. भदौरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. निर्मल्य बंद्योपाध्याय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत करती है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की तथा फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।