एकजुट संगठन ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों का प्रभावी जवाब देगाः उमंग सिंघार
- कांग्रेस के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
ग्वालियर। कांग्रेस की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की आवाज बनें। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती से आवाज उठानी होगी। संगठन में अनुशासन, आपसी समन्वय और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए। यह बात नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत शहर एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर कहीं।

प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन ध्वजारोहण कर झंडा वंदन किया गया तथा उपस्थित कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विभिन्न संगठनात्मक एवं वैचारिक विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित कर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, भूपेन्द्र पुरावत, अविरल हरि जैन, डॉ. मनोज राजे (मेजर) एवं राहुल राज ने भी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने संगठन की कार्यप्रणाली एवं संगठनात्मक मजबूती, ललित सेन ने मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं बीएलए की जिम्मेदारियों तथा श्रीमती आरिफा खान एवं प्रोमिल मित्रा ने अपने निर्धारित विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्वालियर में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती देने का संकल्प है। शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस ने एकजुट होकर इस आयोजन के माध्यम से संगठनात्मक समन्वय और अनुशासन का संदेश दिया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायक डा. सतीश सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, विधायक सुरेश राजे, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, यूवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, संगठन महामंत्री इब्राहिम पठान उपस्थित रहे।