अंतिम छोर की पानी की टंकियों को पूर्ण क्षमता से भरेंः निगम सभापति
ग्वालियर। निगम सभापति मनोज तोमर ने बुधवार को जल विहार स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 61 से 66 तक पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निगम अध्यक्ष तोमर ने पेयजल वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से उन पानी की टंकियों की समस्या पर चर्चा की, जो अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण पूरी क्षमता से नहीं भर पा रही हैं। इनमें तिघरा प्लांट से भरी जाने वाली अवाड़पुरा पानी की टंकी तथा मोतीझील प्लांट से भरी जाने वाली आमखो पानी की टंकी प्रमुख हैं। निगम अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से इन टंकियों के पूर्ण रूप से नहीं भर पाने के कारणों तथा समस्या के निराकरण के लिए अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पर्याप्त पानी मिल सके और जल वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में कार्यपालन यंत्री श्रीमती शालिनी सिंह, नोडल अधिकारी शिशिर श्रीवास्तव, अमृत 2.0 योजना के इंजीनियर तथा चंबल परियोजना से संबंधित इंजीनियर उपस्थित रहे।