आमखो की 60 साल पुरानी पेयजल लाइन की लीकेज सुधरेगीः सभापति तोमर
ग्वालियर। निगम सभापति मनोज तोमर ने बुधवार को आमखो पानी की टंकी की 600 एमएम की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन में लीकेज की समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे संधारण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लीकेज को तत्काल ठीक कर जलप्रदाय व्यवस्था सुचारू रूप से प्रारंभ कराई जाए, ताकि संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष तोमर ने कार्यपालन यंत्री प्रवीण दीक्षित एवं प्रभारी उपयंत्री शंभू दयाल श्रीवास्तव से लाइन में आई लीकेज की समस्या तथा उसके सुधार के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे आमखो पानी की टंकी से जलप्रदाय प्राप्त करने वाले क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि आमखो पानी की टंकी से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलप्रदाय किया जाता है। टंकी की 600 एमएम की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन लगभग 60 वर्ष पुरानी है। साथ ही, लाइन अत्यधिक संकरी गलियों से होकर गुजरती है, जिसके कारण इसे पूरी तरह बदलना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। ऐसे में फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लाइन को बाईपास कर लीकेज की समस्या का निराकरण किया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। निगम अध्यक्ष तोमर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संधारण कार्य में तेजी लाते हुए जलप्रदाय व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।