श्रीराम ने सदैव सत्य और धर्म का पालन कियाः पूर्व सांसद शेजवलकर
- श्री रामलीला समारोह के लिये भूमिपूजन हुआ
ग्वालियर। श्री रामलीला समारोह के लिये रामलीला मैदान फूलबाग प्रांगण में गैती लगाकर भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन केदारपुर के आचार्य संजीव शास्त्री तथा उनके सहयोगी आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ कराया। श्री रामलीला समारोह समिति (रजि.) लश्कर द्वारा यह 80वां आयोजन किया जा रहा है।
भूमिपूजन अवसर पर संतकृपाल सिंह महाराज, पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, समिति के अध्यक्ष राधेश्याम भाकर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, अशोक शर्मा, राजकुमार गुप्ता, बी.एस. राजपूत उपस्थित थे। इस मौके पर संतकृपाल सिंह महाराज ने कहा कि श्रीराम का चरित्र जन-जन तक पहुंचाने का कार्य रामलीला करती है। जिस तरह भगवान राम ने राम राज्य की स्थापना की थी उसी प्रकार राम राज्य की कल्पना को साकार करना होगा। रामलीला समिति के अध्यक्ष राधेश्याम भाकर ने कहा कि देश की धार्मिक संस्कृति को बचाने के लिए इस तरह के आयोजन समिति द्वारा पिछले 79 वर्षोंसे किये जा रहे है। हमारा प्रयास है कि भगवान राम का चरित्र का प्रचार प्रसार घर घर तक हो। पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम ने सदैव सत्य और धर्म का पालन किया और राजा के रूप में प्रजा के हित और न्याय को महत्व दिया। रामलीला का सभी शहरवासियों को इंतजार रहता है। साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि रामराज्य का आदर्श प्रजा के सुख, न्याय और कल्याण पर आधारित माना जाता हैं उन्होने व्यक्तिगत सुख से अधिक उन्होने अपने कर्तव्य को महत्व दिया। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने रामलीला में होने वाले कार्यक्रमांे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विजय गोयल तथा आभार व्यक्त रमेश चैरसिया द्वारा किया गया। 9 अक्टूबर से श्रीरामलीला समारोह का शुभारंभ सांयकाल 06 बजे से सुन्दरकाण्ड पाठ तथा गणेश पूजन के साथ किया जायेगा। इस वर्ष श्री रामलीला समारोह का आयोजन 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक रात्रि 8 बजे से स्वामी श्री चंद बहारी वशिष्ठ एवं देवेन्द्र वशिष्ठ के निर्देशन में श्री हित राधाकृष्ण कला मण्डल की मंडली, वृंदावन द्वारा लीला मंचन किया जायेगा।