ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 19 के अंतर्गत वार्ड 50 में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जिसमें साफ सफाई व्यवस्था एवं सीवर समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित रूप से सड़कों एवं नालियों की सफाई करायें तथा सीवर समस्या का निराकरण समय सीमा में करें।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त द्वारा सर्वप्रथम क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 19 गोरखी गेट के सामने निरीक्षण किया तथा क्षेत्राधिकारी रामू सिंह से क्षेत्रीय कार्यालय में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही कर संग्रहक से सम्पत्तिकर वसूली की जानकारी ली एवं बडे बकायेदारों से वसूली करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही माधौगंज क्षेत्र में विभिन्न गलियों का भ्रमण कर पेयजल, सीवर एवं सफाई व्यवस्था को देखा। इसके पश्चात निगमायुक्त ने रॉक्सी पुल का निरीक्षण किया तथा पुल के नीचे एक सीवर चेम्बर काफी ऊंचा पाया गया, उसे ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही रॉक्सी पुल क्षेत्र में जल भराव की समस्या का निराकरण करने के निर्देष दिए। साथ ही महाराज बाड़ा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मल्टीलेवल पार्किंग से आने वाले पानी को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोरखी के सामने स्ट्रीट लाइट के पोल से एक लाइट उतरवाकर लाइट की क्षमता एवं क्वालिटी की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अनिल सांखला, अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, उपायुक्त मुकेश बंसल, कार्यपालन यंत्री प्रवीण दीक्षित, सहायक यंत्री अनिल चौहान, पंकज सिंह, श्रीमती अभिलाषा बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।