कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने गणेश विसर्जन के लिये चलित वाहनों को हरी झण्डी दिखाई

ग्वालियर । गणेश उत्सव के दौरान घरों में एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से चलित वाहन संचालित कर वाहनों में गंगाजलयुक्त जल की टंकियां स्थापित कर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी जिला प्रशासन, नगर निगम एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के माध्यम से 25 वाहन संचालित किए जा रहे हैं। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के प्रमुख भूपेन्द्र जैन, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार, प्रदीप तोमर की उपस्थिति में वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं निगम आयुक्त चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीगणेश प्रतिमाओं का चलित वाहन में विसर्जन किया और वाहनों को सागरताल पर स्थापित अस्थायी जलाशय में विसर्जन हेतु रवाना किया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि शहर में सभी श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप गंगाजलयुक्त टंकियों से तैयार किए गए वाहनों को विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर विसर्जन हेतु रवाना किया। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान शहरवासियों ने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया है। ग्वालियर में यह परंपरा निरंतर कई वर्षों से संचालित की जा रही है।  निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने बताया कि नगर निगम के माध्यम से सामाजिक संस्था, वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान को वाहन एवं अन्य व्यवस्थायें उपलब्ध कराई गई हैं, जिसके माध्यम से शहर भर की गणेश प्रतिमाओं का श्रद्धा पूर्वक विसर्जन किया जा रहा है। निगम का अमला भी इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान कर रहा है। 

posted by Admin
20

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->