सेवा से ही समाज और राष्ट्र का कल्याणः डॉ. वाय.पी. सिंह
- विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्ति, स्वच्छता, नारी सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ग्वालियर। राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सेवा गतिविधियों का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित की भावना विकसित करने का माध्यम है। देश कल्याण और लोक कल्याण के लिए समर्पित भाव से किया गया कार्य ही सच्ची सेवा है। यह बात कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. वाय.पी. सिंह ने कही।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, नारी सशक्तीकरण, स्वच्छता, रक्तदान, लोक कल्याण, देश कल्याण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सफाई कर्मचारियों का डॉ. वाय.पी. सिंह एवं कृषि प्रसार विभागाध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने तिलक लगाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। डॉ. सिंह ने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हुए कृषि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार एवं कैरियर के अवसरों की जानकारी दी। डॉ. आर.के. जायसवाल ने विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित एवं सदुपयोग करने तथा साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विश्वनाथ सिंह कंसाना ने किया। आभार डॉ. जी.एस. तेलंक ने व्यक्त किया।