जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
ग्वालियर। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, जनजातीय कार्य, शिक्षा, सहकारिता, विद्युत, वन, खनिज एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने “सेवा-संकल्प अभियान” के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया वाराणसी से बड़नगर तक प्रस्तावित सेवा-संकल्प यात्रा ग्वालियर होकर गुजरेगी। उन्होंने “सेवा-संकल्प अभियान” में जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता का अनुरोध किया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मलेरिया, डेंगू, स्वाइन फ्लू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की जांच और रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही संजीवनी क्लिनिक एवं स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया सहित जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।