ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा जेल सुधार की दिशा में शिक्षा एवं प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत केंद्रीय जेल ग्वालियर में बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के साथ नशाबंदी, नशा उन्मूलन एवं विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों पर कार्य किया जाएगा।
इसी संबंध में बुधवार को केंद्रीय जेल ग्वालियर के वरिष्ठ जेल अधीक्षक राकेश भांगरे ने जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत से मुलाकात की। उन्होंने जेल में शिक्षा एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रम संचालित करने में विश्वविद्यालय से सहयोग का आग्रह किया। कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय जेल सुधार और बंदियों के शैक्षणिक एवं सामाजिक पुनर्वास के लिए अपने संसाधनों के साथ सहयोग करेगा। उन्होंने शिक्षा को सुधार और सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए जेल में आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित करने का आश्वासन दिया।