अवैध रूप से भण्डारित 200 घन मीटर रेत जब्त, चार वाहन भी जब्त किए
ग्वालियर। जिले में रेत व अन्य खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गई खनिज विभाग की टीम ने हजीरा और पुरानी छावनी क्षेत्र में 5 स्थानों पर अवैध रूप से भण्डारित लगभग 200 घन मीटर रेत जब्त किया है। साथ ही रेत के अवैध भण्डारण में संलग्न व गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त चार वाहन जब्त किए गए हैं। सभी वाहनों पर मध्यप्रदेश खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम द्वारा हजीरा क्षेत्र में एक स्थान पर व पुरानी छावनी क्षेत्र में चार स्थान पर अवैध रूप से भण्डारित रेत जब्त किया गया है। साथ ही रेत के अवैध भण्डारण में लिप्त एक ट्रेक्टर ट्रॉली व दो लोडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा गिट्टी के अवैध परिवहन में एक ट्रेक्टर - ट्रॉली पकड़ी गई है।