वोट की ताकत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहींः सुरेन्द्र यादव
ग्वालियर। भाजपा की कथित वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं को लेकर देशभर में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आगामी आंदोलन की तैयारियों को लेकर कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षगणों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में आगामी आंदोलन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, संगठनात्मक रणनीति निर्धारित करने और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी ने वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जो सवाल उठाए हैं, उन्हें देश की जनता के सामने मजबूती से रखना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव, विनोद कुमार जैन, महेश धनोलिया, अनूप शिवहरे, श्रीमती रेखा, श्याम सुदंर श्रीवास्तव, राजेश तोमर, अंसार खान, मनीष शर्मा, धर्मवीर राठौर, मुनेन्द्र भदोरिया आदि उपस्थित थे।