माधवीराजे सिंधिया की पुण्यतिथि पर विकास दिवस आयोजित, वृक्षारोपण कर दी श्रद्धांजलि
ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया नामकरण एवं विकास समिति द्वारा कैलाशवासी राजमाता माधवीराजे सिंधिया जी की पुण्यतिथि को "विकास दिवस" के रूप में मनाते हुए "माधव मंगल पैलेस" में वृक्षारोपण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संगठन प्रभारी अनिल पुनियानी ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में समिति के अध्यक्ष संजय दीक्षित एडवोकेट उपस्थित रहे।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि राजमाता माधवीराजे सिंधिया ने ग्वालियर-चंबल अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अविस्मरणीय कार्य किए हैं। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य आज भी जनता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा "माधव मंगल पैलेस" परिसर में वृक्षारोपण किया गया। मुख्य अतिथि संजय दीक्षित एडवोकेट ने कहा कि माधवीराजे सिंधिया जी ने हमेशा अंचल को हरा-भरा बनाने का सपना देखा था। वृक्षारोपण ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। संगठन प्रभारी अनिल पुनियानी ने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी के विकास के विजन के साथ-साथ माधवीराजे सिंधिया जी का भी सामाजिक सरोकारों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समिति उनके बताए मार्ग पर चलकर "विकास दिवस" के माध्यम से जनसेवा के कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में महेन्द्र मदकारिया, बलराम सिंह, चन्द्र सिंह, आशीष मंगल, सुरेन्द्र सिंह, शकील भाई सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे। अंत में दो मिनट का मौन रखकर माधवीराजे सिंधिया जी की पुण्य आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।