विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है ग्वालियर: ऊर्जा मंत्री तोमर
ग्वालियर । ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को उप नगर ग्वालियर के वार्ड 4 तथा 12 में 3.64 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने ग्वालियर को स्वच्छ, सुन्दर, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाने पर जोर दिया।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि हमारा ग्वालियर बदल रहा है, अब ग्वालियर को स्वच्छता में नम्बर वन बनाना है। ग्वालियर की तकदीर और तस्वीर बदली है और वह समय अब दूर नहीं है, जब ग्वालियर का नाम विकसित शहरों की श्रेणी में लिया जाएगा। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने ग्वालियर उप नगर के वार्ड 4 तथा 12 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कहा कि यह क्षेत्रवासियों को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में यह विकास कार्य नागरिकों के लिए आकर्षण एवं सुविधा का केंद्र बनेंगे तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। विकास कार्यों के माध्यम से हर वार्ड और हर गली को बेहतर बनाने का संकल्प निरंतर जारी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को भूमिपूजन कार्यक्रमों की व्यस्तता के दौरान आटो मोबाइल मैकेनिक रोहित जाटव की दुकान पर पहुंचकर उनकी पूज्य माताजी द्वारा स्नेहपूर्वक भेजे गए टिफिन से साथ बैठकर भोजन किया।