संभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर सुनिश्चित करें कि अब नहीं होगा जलभराव: निगमायुक्त संघ प्रिय
ग्वालियर । सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घूमकर संभावित जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर लें जहां कार्य स्वीकृत हो चुके हैं वह तत्परता से बारिश से पहले पूर्ण कराये तथा जहां कार्य स्वीकृत नहीं हुए हैं वहां जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था आवश्यक रूप से कर दें, अन्यथा की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विधानसभा के अपर आयुक्त जलभराव वाले स्थानों पर चल रहे कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा करें। बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव नहीं होना चाहिए। उक्ताशय के निर्देश निगम आयुक्त संघ प्रिय ने जन कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने 77 मुख्य मार्गों के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा सभी अधिकारियों से कार्य पूर्णता की दिनांक लिखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन सड़कों के अनुबंध जारी हो चुके हैं उनके वर्क ऑर्डर बुधवार जक जारी करें। वहीं गुप्तेश्वर कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सीसी रोड का कार्य करने वाले ठेकेदार को टर्मिनेट कर 15 दिवस का रीटेंडर करें। इसके साथ ही अन्य सड़कों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना, द्वारिका नगर योजना एवं विशेष निधि की सड़कों की चर्चा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वार्ड 63 में नाला निर्माण के कार्य में लापरवाही को लेकर सहायक यंत्री रजनीश गुप्ता को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग एवं बाल वाटिका आंगनवाडी निर्माण कार्य की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जल भराव वाले स्थानों की समीक्षा विधानसभा वार की जिसमें ऐसे स्थानों की जानकारी ली जहां कार्य चल रहा है तथा जिनके टेंडर हो चुके हैं उन स्थानों पर तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियेां को दिए। साथ ही वार्ड 18 एवं 19 के जल भराव वाले क्षेत्रों सहित ग्वालियर विधानसभा के नर्सिंग नगर व शहर के अन्य स्थानों पर जल भराव को लेकर चर्चा की एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी जो व्यवस्था करनी है, वह समय रहते पूर्ण कर लें। शहर मे कही भी यदि जल भराव हुआ तो संबंधित क्षेत्र के उपयंत्री, सहायक यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री जिम्मेदार होगें। बैठक के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे, सुरेश अहिरवार सहित सभी सहायक यंत्री उपस्थित रहे एवं सभी क्षेत्राधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुडे।