ग्वालियर पूर्व का कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन 17 अक्टूबर को, पीले चावल देकर दिया आमंत्रण
ग्वालियर। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों को तय करने को लेकर 17 अक्टूबर को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन ए.जी. ऑफिस पुल के पास स्थित रंगमहल गार्डन में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। सम्मेलन की तैयारियां कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की देखरेख में चल रहीं हैं।
पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं हैं। खास बात यह है कि हर वार्ड में कार्यकर्ताओं द्वारा पीले चावल के साथ आमंत्रण कार्ड दिया जा रहा है। विधायक डाॅ. सिकरवार ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव करेंगे, जबकि महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगी। इसके साथ ही आयोजन की शुरुआत 51 कन्याओं के विधि-विधान से पूजन और कन्या-भोज के साथ होगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।