केआरजी कालेज में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ
ग्वालियर। शासकीय कमलाराजे कन्या स्वशासी महाविद्यालय में रेडक्रॉस सोसायटी और जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिये एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ साधना श्रीवास्तव के संरक्षण में किया गया। शिविर में डॉ अंजना रत्नाकर आयुष मेडिकल ऑफिसर, अनुराधा कुशवाह काउंसलर, अग्रिमा सिंह तोमर काउंसलर उपस्थित रही।
कार्यक्रम में डॉ अंजना ने छात्राओं में होने वाले एनीमिया (खून की कमी) की समस्या पर विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार, हरी पत्तेदार सब्जियां और मौसमी फलों को अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह दी। मानसिक स्वास्थ्य विषय पर बात करते हुए काउंसलर अग्रिमा सिंह तोमर और अनुराधा कुशवाह ने कहा कि अत्याधिक मानसिक तनाव सीधे तौर पर हमारे शरीर को प्रभावित करता है। इसके कारण उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय रोग जैसी गंभीर शारीरिक बीमारियां जन्म ले रही हैं। वक्ताओं ने केवल दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय दिनचर्या में सुधार, संतुलित पोषण, नियमित व्यायाम और मेडिटेशन को शामिल करने पर विशेष बल दिया। शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी की संयोजक डॉ सुधा कुशवाह, समिति सदस्य डॉ पूर्णिमा शाह, डॉ संगीता सोमवंशी, डॉ विनीता त्यागी उपस्थित रही।