ग्वालियर। शासकीय कमला राजा कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय में विश्व वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर जैव विविधता संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इको क्लब एवं प्राणीशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण को लेकर न केवल गंभीरता दिखाई, बल्कि वन विभाग में करियर को लेकर भी गहरी जिज्ञासा दिखाई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा प्राणीशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार दुबे एवं डॉ. शक्ति भारद्वाज के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सामाजिक वानिकी ग्वालियर सर्कल की सहायक वन संरक्षक स्वाति पाठक रहीं। स्वाति पाठक ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का सीधा असर मानव जीवन पर पड़ रहा है और इसे रोकने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। कार्यक्रम का सबसे रोचक हिस्सा छात्राओं का प्रश्नोत्तर सत्र रहा। छात्राओं ने पूछा कि ग्वालियर अंचल के जंगलों में कौन-कौन से वन्यजीव पाए जाते हैं, नेशनल पार्क और सेंचुरी में क्या अंतर होता है और वन विभाग में युवतियों के लिए रोजगार के अवसर क्या-क्या हैं। सहायक वन संरक्षक ने सभी प्रश्नों के सहज उत्तर देकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति मौर्य ने किया तथा आभार डॉ. मोहित आर्य ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दीपक पाठक, डॉ. आर.के. माहौर, डॉ. सुष्मिता श्रीवास्तव, डॉ. साधना चतुर्वेदी, डॉ. नेहा श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति कुशवाह सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक उपस्थित रहे।