व्यावसायिक गतिविधि वाली रहवासी संपत्तियों को करें चिन्हितः निगमायुक्त
ग्वालियर। संपत्ति कर वसूली के लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी कर संग्रहक जिम्मेदारी के साथ योजना बनाकर कार्य करें, हर सप्ताह कम से कम 5 करोड रूपये संपत्ति कर की वसूली हो तथा सभी कर संग्रहक अपने अपने वार्ड में छूटी हुई सम्पत्तियों की नवीन आईडी बनायें। यह निर्देश निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सम्पत्तिकर वसूली की समीक्षा करते हुए कर संग्रहकों को दिए। बैठक में अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, उपायुक्त डॉ प्रदीप श्रीवास्तव, उत्तम जखेनिया, मुकेश बंसल, रजनीश गुप्ता सहित सभी राजस्व निरीक्षक एवं कर संग्रहक उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसी सम्पत्तियों का एक सप्ताह में सर्वे करें जो रहवासी में दर्ज हैं और उनमें व्यावसायिक गतिविधियां हो रही हैं, तो यह गंभीर है सभी कर संग्रहक एक सप्ताह में सर्वे कर ऐसी सम्पत्तियों को व्यावसायिक श्रेणी में दर्ज करायें और जो भी पेनल्टी बनती है वह वसूलें। बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि सभी कर संग्रहक साप्ताहिक लक्ष्य की पूर्ति के लिए बकायेदारों की सूची बनायें एवं बडे बकायेदारों से व्यक्तिगत बात करें और आवश्यकता हो तो वरिष्ठ अधिकारियों से बात करायें। इसके साथ ही छोटे-छोटे बकायेदारों से वसूली के लिए योजना बनाकर कार्य करें। आवष्यकता हो तो कॉलोनी, बस्ती में कैंप लगाकर सम्पत्ति कर की वसूली करें तथा पिछला ज्यादा बकाया होने पर करदाता से किस्तों में भी राशि जमा करा सकते हैं। साथ ही शासकीय बकायेदारों से निरंतर सम्पर्क बनाये रखें और वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर वसूली की कार्यवाही करें। कर वसूली में कतई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी संपत्ति, आबादी क्षेत्र जहां अभी सम्पत्तिकर की आईडी नहीं बनी है और हम निगम की सुविधायें दे रहे हैं वहां नवीन आईडी बनाकर सम्पत्तिकर वसूली की कार्यवाही करें।