ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने समग्र ई-केवायसी सत्यापन कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए क्षेत्र क्रमांक 11 एवं 16 के क्षेत्र अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी क्षेत्र अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में समग्र ई-केवायसी सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जाए। बैठक में निगमायुक्त चौधरी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बैठक में बताया कि शहर के ब्लैक स्पॉट समाप्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रति सप्ताह 10-10 ब्लैक स्पॉट समाप्त किए जाएं। संबंधित जोनल स्वास्थ्य अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सफाई के बाद उन स्थानों पर दोबारा कचरा न डले। यदि दोबारा कचरा डाला जाता है तो संबंधित के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 30 एवं कटोराताल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर कचरे के ठिये साफ कराने के निर्देश दिए गए। सहायक यंत्री अमित गुप्ता से पेच रिपेयरिंग कार्य की जानकारी लेते हुए निगमायुक्त को बताया गया कि एक सप्ताह में 59 सड़कों पर पेच रिपेयरिंग का कार्य कराया गया है। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने नवीन ट्रेड लाइसेंस की जानकारी ली तथा प्रति सप्ताह 100 नए ट्रेड लाइसेंस बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके साथ ही 30 दिवस से अधिक समय से लंबित संपत्तिकर नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने स्वच्छ ग्वालियर ऐप एवं स्वच्छता ऐप पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि हर शिकायत का निराकरण अधिकतम 2 दिवस में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़ी समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीश सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा, उपायुक्त सुनील चौहान, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, उत्तम जखैनिया, मुकेश बंसल उपस्थित रहे।