ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय शोध, प्रशिक्षण और नवाचार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के साथ मिलकर कार्य करेगा। इस दिशा में जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत और पीएसओ टू डीजीपी डॉ. विनीत कपूर (आईपीएस) के बीच विभिन्न विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विश्वविद्यालय और पुलिस मुख्यालय के बीच अकादमिक सहयोग, शोध परियोजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा नवाचार के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस सहयोग का लाभ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को इंटर्नशिप के अवसरों के रूप में भी मिलेगा। इससे छात्र-छात्राओं को पुलिस एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलने के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने कहा कि विश्वविद्यालय और पुलिस मुख्यालय के बीच सहयोग से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए नए आयाम और अवसर खुलेंगे। इससे उन्हें अपने ज्ञान एवं कौशल को व्यावहारिक रूप से विकसित करने तथा कॅरियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।