ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से रविवार को व्यापक मदाखलत कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर एवं नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान के मार्गदर्शन में मदाखलत दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हाथ ठेले, फुटपाथी फड़, दुकानों के बाहर रखा सामान एवं अन्य अतिक्रमण हटवाया।
पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान द्वारा इंद्रमणी नगर चौराहा स्थित एमआईटीएस कॉलेज गेट के पास से गुमठियां जप्त कर संबंधित हाथ ठेला संचालकों को हटाया गया। जप्त गुमठियों को डीबी सिटी स्थित मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया। इसके बाद भिंड रोड, गोले का मंदिर चौराहे से एयरपोर्ट चौराहे तक सड़क के दोनों ओर दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर करवाया गया तथा हाथ ठेले हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया गया। इसी क्रम में सागरताल चौराहा, सूरज नगर, रजवन वाली माता के सामने, पहुआ वाली माता रोड एवं वार्ड क्रमांक 5 में सड़क पर डली गिट्टी और बिल्डिंग मटेरियल हटवाया गया। महाराज बाड़ा क्षेत्र के सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, हेमू चौक, छापाखाना, स्काउट एवं गांधी मार्केट सहित प्रमुख मार्गों से हाथ ठेले और फुटपाथी फड़ हटवाकर मार्ग क्लियर कराया गया। वहीं न्यू कलेक्ट्रेट के पीछे गोलंबर से एमके सिटी, सिरोल चौराहा, सिरोल रोड से हुरावली गोलंबर तक खंभों पर लगे झंडी-बैनर हटाए गए। छापाखाना, माधोगंज चौराहा, कबूतर की हाट से माधोगंज थाना क्षेत्र तक दुकानों के बाहर रखे सामान, स्टैंड बोर्ड एवं हाथ ठेले हटाकर कुछ सामान जप्त कर डीबी सिटी कार्यालय भेजा गया।