न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
ग्वालियर। जिला न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित किशोर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 15 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं।
शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्य की व्यस्तता के बीच स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव है। शिविर से पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सहयोग से 15 से 17 सितम्बर तक जिला न्यायालय परिसर में 525 न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रक्त परीक्षण के लिए नमूने लिए गए थे। जांच रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इन रिपोर्टों के आधार पर आवश्यक परामर्श देने के साथ व्यक्तिगत स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीमती दीपाली माथुर ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। शिविर में विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज) श्री नवीन शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत कुमार पाण्डेय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुष्पेन्द्र सिंह सहित जिला न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीशगण, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।