मर्सी होम निरीक्षण में गड़बड़ीः संचालक पर धमकाने और बीमार कर्मचारी को अपसेंट करने का आरोप
ग्वालियर। सर्व मानव कल्याण महासंघ ने मर्सी होम गजराराजा अपंग आश्रम के संचालक डॉ. संजय लहारिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप चैरसिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 28 अप्रैल को हुए निरीक्षण के दौरान संचालक ने कर्मचारियों को धमकाया और बीमार कर्मचारी की अपसेंट लगा दी। मंगलवार को मर्सी होम में निरीक्षण करने के लिए संचालक डॉक्टर संजय लहरिया एओ शिल्पा शर्मा और डॉक्टर अमन पहुंचे थे।
शासन के दो-दो बंगलों से घिरे हॉस्टल पर डॉ. लहारिया ने जबरन अपना ताला डाल रखा है। यहां रहने वाली लड़कियां 10-10 हजार रुपये किराया दे रही हैं, जबकि डॉ. लहारिया स्वयं माता-पिता के साथ अपने घर में निवासरत हैं। विज्ञप्ति में आरोप है कि डॉ. लहारिया शासन से नॉन प्रैक्टिस अलाउंस लेने के बावजूद अपनी क्लीनिक पर प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं, जो शासन के आदेश के विरुद्ध है। निरीक्षण के दौरान ठेका कर्मचारी जितेन्द्र की तबीयत बिगड़ने पर वह मेडिकल ऑफिसर से परमिशन लेकर इलाज के लिए गया। आरोप है कि इसके बावजूद डॉ. लहारिया ने उसकी अपसेंट लगा दी। संघ का कहना है कि ड्यूटी पर आने के बाद अपसेंट लगाना नियम विरुद्ध है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप चौरसिया ने कहा कि डॉ. लहारिया अपनी गलतियों को छुपाने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बना रहे हैं। बहरहाल शासन प्रशासन को इस प्रकरण में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी से जांच कराने की मांग करता है और चेतावनी दी है कि बिना जांच के मामला रद्द नहीं किया जाएगा। इस मामले को लेकर सर्व मानव कल्याण महासंघ का कहना है कि शासन की संस्था में इस तरह की ओछी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।