मुरार जिला अस्पताल में नवाचारः बार-बार कंधा उतरने का सफल ऑपरेशन
ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका सिंह चैहान के मार्गदर्शन में मुरार जिला चिकित्सालय में बेहतर सर्जरी का सिलसिला जारी है। यहां 25 वर्षीय किशन के बार-बार कंधा उतरने की समस्या का लाटार्जेट सर्जरी से सफल इलाज किया गया।
सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि किशन दो साल से कई अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी ठीक नहीं हुआ था। ऑपरेशन महंगा होने के कारण वह इलाज नहीं करा पा रहा था। जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉ. जितेंद्र त्रिपाठी को दिखाने पर उन्होंने डॉ. रोहित अजमेरिया व डॉ. यश शर्मा से विचार कर ऑपरेशन का निर्णय लिया। ऑपरेशन टीम में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा गोस्वामी, डॉ. सृष्टि शर्मा व डॉ. अनिल शर्मा भी शामिल रहे।
सिविल सर्जन डॉ. आर.के. शर्मा ने कहा कि बेहतर सर्जरी से अस्पताल पर मरीजों का भरोसा बढ़ा है। यहां ऑपरेशन से मरीजों का पैसा भी बच रहा है। सीएमएचओ डॉ. श्रीवास्तव, सिविल सर्जन डॉ. राजेश शर्मा, आरएमओ डॉ. जे.पी. शर्मा व सहायक अस्पताल प्रबंधक डॉ. राजेश बिरथरिया ने पूरी टीम को बधाई दी।