ग्वालियर। रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं क्योंकि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है, एक जीवन दूसरे जीवन से जुड़ जाता है इसलिए हम मनुष्य होने का कर्तव्य निभाएं, अपने रक्त से किसी का जीवन बचाएं। यह बात भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने रक्तदान शिविर में कही।
यह आयोजन मधु जोशी महिला वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से इमरजेंसी ब्लड सेंटर पर रविवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की सदस्य अंजू भदौरिया मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की सचिव मधु जोशी ने की। रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ ही महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने ब्लड डोनेट कर मिसाल कायम की। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया, कैंसर पीड़ित, दुर्घटना ग्रस्त एवं जरूरतमंद मरीजों तक रक्त की मदद पहुंचाना है, जिससे उनकी मृत्यु रक्त के अभाव में न हो।
कार्यक्रम में अंजू भदौरिया ने कहा कि महिलाओं को भी रक्तदान करना चाहिए, यह उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। वे अपने कर्तव्य को समझें। संस्था के संरक्षक डा. खोजेमा सैफी ने बताया कि ब्लड डोनेट करने से हार्ट अटैक सहित कई गंभीर बीमारियां होने की संभावना काफी कम हो जाती है। ब्लड सेंटर के डा. सत्य साबो एवं डा अतुल पांडे ने बताया कि हर तीन से चार महीने में रक्तदान करते रहना चाहिए। आभार मधु जोशी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में उद्देश्य शर्मा, दीपक नागपाल और इमरजेंसी ब्लड सेंटर की टीम सहयोगी रही। कार्यक्रम में डा खोजेमा सैफी, अंजू भदौरिया, दीपक नागपाल, मधु जोशी, हरीश, नवीन, विक्की, शुभम, मोनू, पंकज, सतीष, आरती, कार्तिक शर्मा, अमन ने रक्तदान किया।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur