आर्मी पब्लिक स्कूल मुरार छावनी में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर जारी
8 मप्र बटालियन एनसीसी ग्वालियर के तत्वावधान में 11 मई से आर्मी पब्लिक स्कूल मुरार छावनी में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का संचालन कैम्प कमांडेंट कर्नल सुमित दुआ एवं सहायक कैम्प कमांडेंट कर्नल एच.एस. अल्लहुबलिया के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

शिविर के तीसरे दिन कैडेटों को हथियारों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान सेना के प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रकार के हथियारों की संरचना, उपयोग, रखरखाव एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों के बारे में बारीकी से समझाया। कैडेटों को हथियार संचालन के दौरान अनुशासन और सुरक्षा के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इसके साथ ही हवलदार अमरजीत सिंह द्वारा कैडेटों को गणतंत्र दिवस परेड की विशेष तैयारी करवाई जा रही है। कैडेटों को कदमताल, सलामी एवं परेड अनुशासन का गहन अभ्यास कराया जा रहा है। वहीं थल सैनिक शिविर की तैयारियों के अंतर्गत मैदानी प्रशिक्षण, बाधा दौड़ एवं टीम भावना से संबंधित गतिविधियों का अभ्यास भी कराया जा रहा है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण कैडेटों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है। शिविर में शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, मैप रीडिंग एवं नेतृत्व क्षमता विकास जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
कैडेटों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे अपने लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।