8वीं मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत

ग्वालियर। शनिवार की दोपहर सिरोल रोड स्थित एक सरकारी मल्टी की 8वीं मंजिल से गिरकर एक मासूम की मौत हो गई। मृतक मासूम का नाम आर्यन बंसल है और उसका परिवार मूलतः पन्ना जिले के राजेंद्रनगर का रहने वाला है। पिछले तीन साल से परिवार यहां रहकर मजदूरी कर रहा है। परिवार ने मल्टी के पास ही झोपड़ी बना रखी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन के पिता फूलचंद बंसल अपनी पत्नी के साथ सरकारी मल्टी की आठवीं मंजिल पर मजदूरी कर रहे थे। आर्यन नीचे झोपड़ी में खेल रहा था। दोपहर करीब 12.15 बजे उसे भूख लगी तो उसका चाचा उसे दूध पिलाने के लिए ऊपर मां के पास ले गया। आर्यन की मां ने उसे दूध पिलाया और फिर पास ही खेलने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद वह पति के साथ काम में व्यस्त हो गईं। इसी दौरान खेलते-खेलते आर्यन मल्टी के किनारे की ओर पहुंच गया और नीचे गिर पड़ा। ऊपर से गिरने की आवाज सुनकर माता-पिता और आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर तुरंत नीचे पहुंचे। बच्चा गंभीर रूप से घायल था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यन की मां लक्ष्मी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि आर्यन कैसे नीचे गिर गया। वह थोड़ी देर के लिए तसला उठाने चली गई थीं, इसलिए ध्यान नहीं रहा। जब गिरने की बात पता चली तो वह नीचे पहुंचीं, जहां आर्यन घायल पड़ा था और उसके सिर में चोट लगी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मी ने बताया कि दूध पिलाने के बाद उन्होंने उसे वहीं खेलने दिया था और उसके साथ दूसरे बच्चे भी खेल रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। आर्यन घर में तीसरे नंबर का बच्चा था। उससे बड़ा भाई हनुमान 3 साल का है, जबकि सबसे बड़ा भाई आदित्य 5 साल का है।

posted by Admin
42

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->