ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश भर में शुरू किये नशामुक्ति जनजाग्रति अभियान के तहत आज नशे से दूरी , है जरूरी के स्लोगन के साथ ग्वालियर पुलिस ने सायकल रैली निकाली। रैली में ग्वालियर से सैकडों लोग शामिल हुये। रैली का उददेश्य युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना व स्वस्थ जीवन शैलीअपनाने के लिये प्रेरित करना था।
रैली ‘‘नशे से दूरी है जरूरी’’ अभियान का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अमित सांघी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने कटोराताल पर आयोजित समारोह में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर कृष्ण लालचंदानी, उक्त कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती सुमन गुर्जर सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं शहर के थाना प्रभारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, जैसे खेल और स्वास्थ्यपूर्ण जीवनशैली की ओर अग्रसर करना इस दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होने कहा कि लोगों को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए क्योंकि नशा न केवल अपराधों को जन्म देता है, बल्कि समाज में अस्थिरता भी लाता है। साइकिल रैली में एसएसपी ग्वालियर सहित पुलिस अधिकारीगण तथा स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों के सदस्य, खेल प्रतिभागी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। साइकिल रैली कटोराताल से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जनमानस को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए महाराज बाड़ा पर समाप्त हुई। रैली में स्काउट गाइड के 32 कैडेट भी शामिल हुये।उक्त रैली का समापन महाराज बाड़ा पर किया गया, जिसमें सभी लोगों को बढ़चढकर हिस्सा लिया। समापन से पूर्व पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता की शपथ भी दिलाई।प्रतिभागियों ने साइकिलों पर “नशे से दूरी है जरूरी”, “सेहत से समझौता नहीं”, “नशा छोड़ो-परिवार जोड़ो”, जो होगा नशे का आदी उसके जीवन की होगी बर्बादी जैसे नारों के साथ जागरूकता फैलाई। एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी के अध्यक्ष संजय कट्ठल द्वारा नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के तहत एक नशा मुक्ति जन-जागरूकता रथ तैयार कराया गया, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।
ग्वालियर पुलिस का यह अभियान आने वाले 15 दिनों तक रैलियों, वर्कशॉप, पोस्टर प्रतियोगिताओं और अन्य माध्यमों से जारी रहेगा ।
आज के उक्त कार्यक्रम में सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार, सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह, सीएसपी इन्दरगंज रोबिन जैन, एसडीओपी बेहट मनीष यादव, सीएसपी लश्कर श्रीमती किरण अहिरवार, सीएसपी विश्वविद्यालय सुश्री हिना खान, रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, सूबेदार अनुपम भदौरिया वरिष्ठ पत्रकार व स्काउट के सहायक जिला कमिश्नर विनय अग्रवाल, संजय त्रिपाठी, स्काउट के एएसओ श्री शंकर सिंह प्रताप माहौर, नरेन्द्र पिप्पल भी उपस्थित थे।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur