स्व. राजमाता को उत्तराखण्ड सीएम धामी, विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने पुष्पांजलि अर्पित की
ग्वालियर। स्व. राजमाता माधवीराजे सिंधिया के निधन के बाद जयविलास पैलेस स्थित रानीमहल में उनको श्रद्धांजलि देने वालों का गुरूवार को तांता लगा रहा। गुरूवार को भी पूरे देश और प्रदेशभर से राजनेता, पत्रकार, सांसद, विधायक, मंत्री जयविलास पैलेस पहुंचे और पुष्प अर्पित कर स्व. राजमाता श्रद्धासुमन अर्पित किये। रविवार को उत्तरखण्ड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने रानीमहल पहुंचकर स्व. राजमाता को श्रद्धांजलि दी। साथ ही सभी ने स्व. राजमाता के सुपुत्र केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को सांत्वना देकर ढांढस बंधाया।
रविवार को ग्वालियर आये उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जयविलास पैलेस में स्थित रानी महल पहुंचे और स्व. राजमाता माधवीराजे सिंधिया को पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया। सभी ही ईश्वर से मृतात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्व. माधवी राजे सिंधिया जी जीवन पर्यंत सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान हेतु समर्पित रहीं। सिंधिया परिवार के लिये यह बहुत दुखद समय है। उन्होंने ईश्वर से केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं उनके परिवारजनों को यह असीम कष्ट सहने करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी गुरूवार को ग्वालियर आकर जयविलास पैलेस स्थित रानीमहल पहुंचे और स्व. राजमाता माधवीराजे सिंधिया को पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनकी धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया के साथ उनके पुत्र महाआर्यमन सिंधिया को सांत्वना देकर ढांढस भी बधाया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चैधरी, विशंभर गुरू सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्वालियर चंबल संभाग के नागरिकों ने भी स्व. राजमाता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।