सचिन तेंदुलकर मार्ग का करें तेजी से कार्य पूर्णः अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। निर्माणाधीन सचिन तेंदुलकर मार्ग का अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शनिवार सुबह अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हुरावली पर निर्माणाधीन पुलिया और जलनिकासी की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। साथ ही निर्माणाधीन हुरावली पुलिया से गुजरने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे आमजनों को परेशानी ना हो और हुरावली पुलिया का निर्माण कार्य भी तेज गति से चलता रहे।
सचिन तेंदुलकर मार्ग का निर्माण कार्य स्मार्ट सिटी द्वारा किया जा रहा है। शनिवार सुबह निर्माणाधीन सडक मार्ग का निरीक्षण करने अपर आयुक्त टी प्रतीक राव निकले। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन हुरावली पुलिया का भी जायजा लिया, वहां से आमजन गुजर रहे थे जिसके कारण कभी भी किसी को चोट लग सकती थी। इसको देखते हुए अपर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण के दौरान पुलिया से आमजनों के निकलने पर रोक लगाई जाए, इससे पहले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, जिससे आमजनों को परेशानी ना हो। जिससे सुरक्षित तरीके से कार्य पूर्ण हो सकें। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्रीकांत कांटे, स्मार्ट सिटी से सुबोध खरे, अनिल चैहान, सहायक सिटी प्लानर राकेश कश्यप, अजय शाक्यवार, प्रकाश अहिरवार, सुश्री तनुजा वर्मा सहित संबंधित क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।