sandhyadesh

भारतीय रेल की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अहम: डीआरएम

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में महिला कर्मचारियों के योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेलकर्मयोगियों को सम्मानित किया गया। राजपत्रित श्रेणी में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन की स्टेशन डायरेक्टर सुश्री सीमा तिवारी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त सम्मानित होने वाली महिला कर्मचारियों में लेखा विभाग से श्रीमती पूर्णिमा गौतम (सीनियर अकाउंटेंट/झांसी), इंजीनियरिंग विभाग से श्रीमती शाहीन परवीन (ट्रैक मेंटेनर-III/यार्ड/झांसी), वाणिज्य विभाग से श्रीमती बब्बना मिश्रा (डीवाई.सीटीआई/वीजीएलजे), कैरिज एवं वैगन विभाग से सुश्री मोनिका यादव (असिस्टेंट C&W/ग्वालियर), विद्युत/सामान्य विभाग से श्रीमती नाविक शामा रामकुमार (असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल/जनरल/ग्वालियर), डीजल लोको विभाग से श्रीमती सोनम वर्मा (टेक-III/डीएसएल/झांसी), टीआरएस विभाग से श्रीमती चेतना वर्मा (एसएसई/टीआरएस/झांसी), विद्युत परिचालन विभाग से श्रीमती भारती श्रीवास्तव (सीनियर एएलपी/झांसी), सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से प्रियंका शर्मा (टेक-III/सिग्नल/झांसी), टीआरडी विभाग से कुमारी वंशिका अग्रवाल (असिस्टेंट/टीआरडी/ललितपुर), परिचालन विभाग से कुमारी पूनम (डिप्टी स्टेशन मास्टर/कन्हा), आरपीएफ से श्रीमती नेहा मौर्य (लेडीज कॉन्स्टेबल), कार्मिक विभाग से श्रीमती योगिता मजूमदार (सीएचओएस/ईओ) तथा चिकित्सा विभाग से श्रीमती सुधा देवी (हॉस्पिटल अटेंडेंट/मंडलीय रेलवे चिकित्सालय/झांसी) शामिल हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल की प्रगति में महिला कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी दक्षता, मेहनत और प्रतिबद्धता के बल पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने महिला कर्मचारियों के समर्पण, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए सभी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए धन्यवाद दिया तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा सम्मान प्राप्त करने वाली महिला कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इसी प्रकार निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर झांसी रेल मंडल परिवार की सदस्य आयुषी सिजरिया को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 914वीं रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार एवं वैगन मरम्मत कारखाना के कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तव द्वारा आयुषी और उनके परिवार को सम्मानित किया गया। आयुषी के पिता श्रीसत्यप्रकाश सिजरिया सहायक मंडल अभियंता तथा माता श्रीमती नमिता वैगन मरम्मत कारखाना में कार्यरत हैं। यह उपलब्धि पूरे झांसी रेल मंडल परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में कार्मिक विभाग सभागार में महिला सशक्तिकरण विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में झांसी की वरिष्ठ समाजसेविका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सुश्री नीति शास्त्री ने मुख्य वक्ता के रूप में महिला कर्मचारियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में सुश्री नीति शास्त्री ने महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आत्मविश्वास, दक्षता और उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। सेमिनार में महिला कर्मचारियों को भारतीय रेल द्वारा HRMS पर शुरु किए गए "SHINE" मॉड्यूल के बारे में जानकारी दी गई। यह मॉड्यूल कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों और उसके रोकथाम के लिए सुरक्षित और गोपनीय डिजिटल मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला कर्मचारियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करना, उन्हें प्रेरित करना तथा कार्यस्थल पर समान अवसर और सम्मान के वातावरण को प्रोत्साहित करना रहा। इस सेमिनार में लगभग 150 महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा समेत सभी ब्रांच अधिकारी मौजूद रहे।

posted by Admin
79

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->