झांसी मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धि: मेल, एक्सप्रेस यात्री ट्रेनों के संचालन में 98% समयपालन का नया कीर्तिमान
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने रेल संचालन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 5 मार्च को मेल/एक्सप्रेस यात्री ट्रेनों के संचालन में 98% समयपालन दर्ज कर अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि झांसी मंडल की कुशल संचालन व्यवस्था, प्रभावी निगरानी और समयपालन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है।
झांसी मंडल द्वारा पिछले कुछ वर्षों में मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के समयपालन में निरंतर सुधार दर्ज किया गया है। वित्तीय वर्ष 2023–24 में 86.25%, वित्तीय वर्ष 2024–25 में 95.10% तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 में 97.26% समयपालन दर्ज किया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 5 मार्च को 98% समयपालन प्राप्त कर झांसी मंडल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के समर्पण, समन्वय और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों का समय पर संचालन यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद रेल सेवा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि झांसी मंडल द्वारा ट्रेनों के संचालन की नियमित निगरानी, बेहतर योजना, ट्रैक एवं सिग्नलिंग प्रणाली के प्रभावी रखरखाव तथा विभागों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है। झांसी मंडल भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित, विश्वसनीय और समयनिष्ठ रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। उल्लेखनीय है कि झांसी मंडल के साथ ही उत्तर मध्य रेलवे जोन ने भी दिनांक 05 मार्च 2026 को भारतीय रेल में समयपालन के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया।